नजीबाबाद ; 30 मई 2026 को हिंदी पत्रकारिता के 200 साल पूरे हो जाएंगे। उदन्त मार्तण्ड हिंदी का प्रथम समाचार पत्र था। जिसका प्रकाशन 30 मई, 1826 ई. में कलकत्ता से एक साप्ताहिक पत्र के रूप में शुरू हुआ था। प्रकाशन स्थल था, कलकत्ता के कोल्हू टोला नामक मोहल्ले की 37 नंबर अमरतल्ला लेन। प्रकाशक थे कानपुर निवासी जुगलकिशोर शुक्ल। इस समय तक हिंदी में एक भी पत्र नहीं निकलता था। “उदंत मार्तंड” ही हिंदी का पहला समाचार पत्र बना। जुगलकिशोर शुक्ल ने इसके बाद ‘समदन्त मार्तण्ड’ नामक पत्र निकालने की हिम्मत जुटायी, लेकिन दुर्भाग्य से वह भी अल्पायु निकला।
इस पत्र की प्रारंभिक विज्ञप्ति इस प्रकार थी –
यह “उदन्त मार्तण्ड” अब पहले-पहल हिंदुस्तानियों के हित के हेतु जो आज तक किसी ने नहीं चलाया पर अंग्रेजी ओ पारसी ओ बंगाल में जो समाचार का कागज छपता है उनका सुख उन बोलियों के जानने और पढ़ने वालों को ही होता है। और सब लोग पराए सुख से सुखी होते हैं। जैसे पराए धन धनी होना और अपनी रहते परायी आंख देखना वैसे ही जिस गुण में जिसकी पैठ न हो उसको उसके रस का मिलना कठिन ही है और हिंदुस्तानियों में बहुतेरे ऐसे हैं। इससे सत्य समाचार हिंदुस्तानी लोग देख आप पढ़ ओ समझ लेयँ ओ पराई अपेक्षा न करें ओ अपने भाषे की उपज न छोड़े। इसलिए दयावान करुणा और गुणनि के निधान सब के कल्यान के विषय गवरनर जेनेरेल बहादुर की आयस से ऐसे साहस में चित्त लगाय के एक प्रकार से यह नया ठाट ठाटा…।
यह पत्र पुस्तकाकार (12×8) छपता था और हर मंगलवार को निकलता था। इसमें विभिन्न नगरों के सरकारी क्षेत्रों की विभिन्न गतिविधियाँ प्रकाशित होती थीं और उस समय की वैज्ञानिक खोजों तथा आधुनिक जानकारियों को भी महत्त्व दिया जाता था। इस पत्र में ब्रज और खड़ीबोली दोनों के मिश्रित रूप का प्रयोग किया जाता था जिसे इस पत्र के संचालक “मध्यदेशीय भाषा” कहते थे। इसके उद्देश्य के सम्बन्ध में बांग्ला साप्ताहिक ‘समाचार चंद्रिका’ ने लिखा था कि – अज्ञान तथा रूढ़ियों के अँधेरों में जकड़े हुए हिन्दुस्तानी लोगों की प्रतिभाओं पर प्रकाश डालने और ‘उदंत मार्तण्ड’ द्वारा ज्ञान के प्रकाशनार्थ’ इस पत्र का श्री गणेश हुआ था। और, ‘हिन्दुस्तान और नेपाल आदि देशों के लोगों, महाजनों तथा इंगलैंड के साहबों के बीच वितरित हुआ और हो रहा है।
उन दिनों सरकारी सहायता के बिना, किसी भी पत्र का चलना प्रायः असंभव था। कंपनी सरकार ने ईसाई मिशनरियों के पत्र को तो डाक आदि की सुविधा दे रखी थी, परन्तु चेष्टा करने पर भी “उदन्त मार्तंड” को यह सुविधा प्राप्त नहीं हो सकी।
“उदन्त मार्तंड” के कुल 79 अंक ही प्रकाशित हो पाए थे कि डेढ़ साल बाद दिसंबर, 1827 ई को इसका प्रकाशन बंद करना पड़ा। इसके अंतिम अंक में लिखा है- उदन्त मार्तण्ड की यात्रा- मिति पौष बदी 1 भौम संवत् 1884 तारीख दिसम्बर सन् 1827।
आज दिवस लौं उग चुक्यौ मार्तण्ड उदन्त
अस्ताचल को जात है दिनकर दिन अब अन्त।
उन्होंने अपने सम्पादकीय के अन्त में ग्राहकों एवं पाठकों से निवेदन किया था कि “हमारे कुछ कहे-सुने का मन में न लाइयो जो दैव और भूधर मेरी अन्तरव्यथा और गुण को विचार सुधि करेंगे तो मेरे ही हैं। शुभमिति ।”
अब उदन्त मार्तण्ड के प्रथम प्रकाशन की तिथि 30 मई को हिन्दी पत्रकारिता दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस प्रकार देखें तो 30 मई 2026 को 200 साल पूरे हो जाएँगे । जिसकी स्मृति में शोधादर्श पत्रिका का आगामी अंक जून 2026 को प्रकाशित होगा ।

Faykoo
अच्छी योजना है